जीवन प्रमाण पत्र कैसे जमा करें — मोबाइल से या बैंक जाकर
पेंशनभोगी हर नवंबर जीवन प्रमाण पत्र देते हैं। चार तरीक़े, मोबाइल पर फेस ऑथेंटिकेशन के क़दम, 80+ वालों की अक्टूबर की छूट, बायोमेट्रिक न चले तो क्या करें।
ये नियम मूल आदेशों की सरल भाषा में व्याख्या हैं, स्वयं आदेश नहीं। कोई संदेह हो तो लागू करने से पहले हवाले में दिए गए का.ज्ञा. (O.M.) के लिंक पर क्लिक कर मूल आदेश अवश्य पढ़ लें, और अपने कार्यालय से पुष्टि कर लें। कोई व्याख्या ग़लत लगे तो आदेश के साथ बताइए।
हर पेंशनभोगी को पेंशन जारी रखने के लिए साल में एक बार नवंबर में जीवन प्रमाण पत्र देना होता है (का.ज्ञा. 30.07.2025, पैरा 1)। यह पन्ना बताता है कि यह कैसे किया जाता है। फ़ोन पर जीवन प्रमाण के नाम से आने वाली ठगी के बारे में पढ़िए: जीवन प्रमाण पत्र ठगी।
जमा करने के तरीक़े
- मोबाइल पर, घर बैठे (फेस ऑथेंटिकेशन)। आधार फेस RD और जीवन प्रमाण ऐप से, नीचे के क़दमों से।
- अपनी पेंशन देने वाली बैंक शाखा में। आदेश के अनुसार बैंक की हर शाखा में एक कर्मचारी के पास इसके लिए फ़ोन होना चाहिए, और किसी भी बैंक की शाखा में आने वाले पेंशनभोगी का प्रमाण पत्र बन सकता है, चाहे उसका पेंशन खाता किसी और बैंक में हो।
- शिविर या जीवन प्रमाण केंद्र पर। नवंबर में बैंक, इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक (IPPB) और अन्य संस्थाएँ शहरों में शिविर लगाती हैं। नज़दीकी केंद्र jeevanpramaan.gov.in पर “Locate a Centre” से देखिए।
- घर पर। जो पेंशनभोगी उम्र या बीमारी के कारण केंद्र तक नहीं जा सकते, उनके लिए घर पर सुविधा देने की तैयारी बैंकों, IPPB और पेंशनभोगी संघों को निर्देशित है। घर पर सुविधा माँगने के लिए अपने बैंक या IPPB से पूछिए।
मोबाइल से जमा करने के क़दम
आदेश के साथ लगी SOP के अनुसार (ऐप के नाम और स्क्रीन बदल सकते हैं):
- Play Store या App Store से “Aadhaar Face RD” ऐप (UIDAI का) इंस्टॉल कीजिए। यह जीवन प्रमाण ऐप के पीछे चलता है, इसलिए ज़रूरी है।
- फिर “Jeevan Pramaan” ऐप इंस्टॉल कीजिए।
- ऐप खोलिए। पहले ऑपरेटर की जाँच होती है: आधार संख्या, मोबाइल नंबर और ईमेल भरकर सबमिट कीजिए, फिर मोबाइल और ईमेल पर आया OTP डालिए। पेंशनभोगी ख़ुद भी ऑपरेटर हो सकता है। यह एक ही बार करना होता है, और एक ऑपरेटर कई पेंशनभोगियों का प्रमाण पत्र बना सकता है।
- फिर पेंशनभोगी की जाँच की स्क्रीन आती है: आधार संख्या, मोबाइल नंबर (ईमेल वैकल्पिक), OTP।
- अपना विवरण भरिए: आधार पर लिखा पूरा नाम, पेंशन का प्रकार, मंज़ूर करने वाला प्राधिकारी, पेंशन देने वाली एजेंसी (बैंक), PPO नंबर और पेंशन खाता संख्या। घोषणा पर टिक कर सबमिट कीजिए।
- सहमति की स्क्रीन पर Scan दबाइए। निर्देश पढ़कर “I am aware of this” पर टिक कीजिए और चेहरा स्कैन कराइए।
- सफल होने पर स्क्रीन पर प्रमाण ID और PPO नंबर दिखता है। प्रमाण पत्र jeevanpramaan.gov.in से पेंशनभोगी लॉगिन में डाउनलोड हो सकता है।
तैयार रखिए: आधार से जुड़ा चालू मोबाइल नंबर, PPO की कॉपी, पेंशन खाता संख्या।
80 वर्ष से ऊपर के पेंशनभोगी
2025 के अभियान के आदेश में 80 वर्ष और उससे अधिक आयु के पेंशनभोगियों को अक्टूबर में भी जीवन प्रमाण पत्र देने की विशेष व्यवस्था थी, और बैंकों को 1 से 31 अक्टूबर 2025 तक उनके लिए शाखाएँ तैयार रखने को कहा गया था (पैरा 5(a))। बैंकों को महिलाओं, बीमारों और 80 वर्ष से ऊपर वालों को प्राथमिकता देने को भी कहा गया था।
2026 के लिए: 2026 के अभियान का आदेश अभी DoPPW की साइट पर नहीं मिला है। जब तक वह न आए, ऊपर की बात को 2026 पर लागू न मानिए। अपने बैंक से तारीख़ पूछ लीजिए।
बायोमेट्रिक न चले तो
का.ज्ञा. 14.11.2017 के अनुसार:
- उँगलियों के निशान न पकड़ें तो बैंक आइरिस से जाँच करे।
- दोनों न चलें तो काग़ज़ी जीवन प्रमाण पत्र लिया जाए। किसी पेंशनभोगी को बायोमेट्रिक न चलने के कारण बिना प्रमाण पत्र लिए न लौटाया जाए।
- बीमार या अशक्त पेंशनभोगी को बैंक आने से छूट है, अगर निर्धारित प्रपत्र में प्रमाण पत्र किसी निर्दिष्ट व्यक्ति (जैसे राजपत्रित अधिकारी) के हस्ताक्षर से आए।
2025 के आदेश में भी कहा गया है कि डिजिटल तरीक़े को बढ़ावा दिया जाए, पर काग़ज़ी प्रमाण पत्र देना चाहने वाले किसी पेंशनभोगी को मना न किया जाए।
दिक़्क़त आए तो
आदेश के अनुसार बैंकों को शिकायत निवारण अधिकारी रखना और सहायता नंबर देना है। पहले अपने बैंक की शाखा और उसके क्षेत्रीय कार्यालय से कहिए। पेंशन से जुड़ी शिकायत के आम रास्ते पेंशन गाइड में हैं।
सावधान
असली प्रक्रिया में आपसे फ़ोन पर OTP बताने, स्क्रीन शेयर करने या किसी लिंक से फ़ाइल इंस्टॉल करने को नहीं कहा जाता। ऐप केवल आधिकारिक स्टोर या jeevanpramaan.gov.in से लीजिए। विस्तार से: जीवन प्रमाण पत्र ठगी।
इस लेख में कोई त्रुटि? सुधार भेजें · अस्वीकरण