8वाँ वेतन आयोग: सबसे ज़्यादा पूछे जाने वाले सवाल
आयोग कब बना, रिपोर्ट कब तक, नया वेतन कब से, फ़िटमेंट फ़ैक्टर क्या है, DA और पेंशनभोगियों का क्या होगा — हर जवाब सरकारी आदेश के हवाले से।
इस खंड में सरकारी आदेशों का सार है। कर्मचारी संगठनों की माँगें और मीडिया की बातें आदेश नहीं हैं; वे साफ़ लेबल के साथ अलग दी गई हैं। कोई भी निर्णय लेने से पहले मूल आदेश और आयोग की वेबसाइट 8cpc.gov.in देखिए। कोई व्याख्या ग़लत लगे तो आदेश के साथ बताइए।
8वाँ वेतन आयोग कब बना?
गठन का संकल्प 3 नवंबर 2025 को राजपत्र में प्रकाशित हुआ। मंत्रिमंडल ने कार्यक्षेत्र 28 अक्टूबर 2025 को मंज़ूर किया था। विस्तार: अब तक की स्थिति।
रिपोर्ट कब तक आएगी?
संकल्प के पैरा 5 के अनुसार गठन की तारीख़ से 18 महीने के भीतर, यानी 3 नवंबर 2025 से गिनें तो मई 2027 के आसपास। आयोग ज़रूरत हो तो किसी विषय पर अंतरिम रिपोर्ट भी भेज सकता है।
नया वेतन कब से लागू होगा?
PIB की विज्ञप्ति के अनुसार पिछले चलन में सिफ़ारिशों का असर आम तौर पर 01.01.2026 से अपेक्षित है। यह अपेक्षा है। लागू होने की तारीख़ का कोई आदेश 30.09.2026 तक हमें नहीं मिला।
फ़िटमेंट फ़ैक्टर क्या है? 8वें आयोग में कितना होगा?
फ़िटमेंट फ़ैक्टर वह गुणक है जिससे मौजूदा मूल वेतन को गुणा कर नए वेतन ढाँचे में वेतन तय होता है। 7वें आयोग में यह 2.57 था: नियम 7(क)(i) के अनुसार मौजूदा मूल वेतन × 2.57, निकटतम रुपये में, लेवल के उसी या अगले ऊँचे खाने में। नियम का अपना उदाहरण: 12,560 × 2.57 = 32,279.20, यानी 32,279 या अगला ऊँचा खाना।
8वें आयोग का फ़ैक्टर अभी घोषित नहीं है। अपना मान भरकर देखिए: सैलरी कैलकुलेटर।
क्या DA मूल वेतन में मिल जाएगा?
सरकार ने लोक सभा में 1.12.2025 को कहा कि DA को मूल वेतन में मिलाने का कोई प्रस्ताव अभी विचाराधीन नहीं है (अतारांकित प्रश्न 212)।
नया वेतन लागू होने पर DA का क्या होगा?
पिछली बार 125% DA नए वेतन में शामिल माना गया और DA 01.01.2016 से शून्य हुआ (का.ज्ञा. 1/2/2016-E-II(B), 04.11.2016)। इस बार क्या होगा, यह आयोग की सिफ़ारिश और सरकार के निर्णय पर निर्भर है। कैलकुलेटर में दोनों विकल्प आज़माए जा सकते हैं।
अभी DA कितना है? जुलाई 2026 का क्या हुआ?
01.01.2026 से DA/DR 60% था। मंत्रिमंडल ने 28.10.2026 को 01.07.2026 से 63% की मंज़ूरी दी (PIB विज्ञप्ति). बकाया (arrears) की शर्तें इस विज्ञप्ति में नहीं हैं; व्यय विभाग का आदेश हमने अभी नहीं पढ़ा। विवरण: अब तक क्या तय है।
पेंशनभोगियों का क्या होगा?
आयोग को NPS से बाहर के कर्मचारियों की ग्रेच्युटी और पेंशन की समीक्षा करनी है, और NPS (UPS सहित) वालों की मृत्यु-सह-सेवानिवृत्ति ग्रेच्युटी की भी (राजपत्र, पैरा 2(e))। लोक सभा में 9.02.2026 को कहा गया कि पेंशन का संशोधन सामान्य आदेशों से होता है, जो आयोग की स्वीकृत सिफ़ारिशों को लागू करने के लिए जारी किए जाते हैं (अतारांकित प्रश्न 1605)।
बकाया (एरियर) कैसे बनेगा?
गणित सीधा है: (नया कुल वेतन − पुराना कुल वेतन) × महीने। लागू होने की कोई तारीख़ घोषित नहीं है, इसलिए महीने कैलकुलेटर में आप स्वयं भरते हैं।
आयोग तक अपनी बात कैसे पहुँचाएँ?
आयोग के दौरों की सूची और पंजीकरण की अंतिम तारीख़ें उसकी वेबसाइट 8cpc.gov.in पर हैं।
इस लेख में कोई त्रुटि? सुधार भेजें · अस्वीकरण